वर्मा जी ने बुंदेली संस्कृति, नारी वीरता और त्याग को लिखकर के अमर कर दिया: प्रदीप जैन

पदमभूषण डॉ. वृंदावन लाल वर्मा की जयंती भव्यता से मनाई गई

0
833

झाँसी। उपन्यास सम्राट पदमभूषण डॉ. वृंदावन लाल वर्मा का जन्म दिवस समारोह हर्षोल्लास से मनाया गया। प्रातः काल बाबू वृंदावन लाल वर्मा पार्क स्थित विशाल प्रतिमा पर वृंदावन लाल वर्मा स्मृति ट्रस्ट एवं भारतीय साहित्य संगम के संयुक्त तत्वावधान में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार जानकी शरण वर्मा ने की।
मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि वर्मा जी विशालकाय व्यक्तित्व थे। अपनी लेखनी के द्वारा बुंदेली संस्कृति, नारी वीरता और त्याग को लिखकर के अमर कर दिया। ट्रस्टी सुदर्शन शिवहरे ने कहा कि उनके साहित्य का सम्मान करते हुए भारत सरकार ने पदमभूषण से नवाजा और डाक टिकट जारी किया। सहकारिता क्षेत्र में अग्रणी रहते हुए उन्होंने झांसी में जिला सहकारी बैंक की स्थापना कराई थी। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता राम प्रकाश अग्रवाल एड., शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविंद वशिष्ठ, मोहन नेपाली, प्रकाश गुप्ता ने पार्क स्थित उनकी प्रतिमा पर बल्ब, ट्यूबलाइट न होने पर नगर निगम द्वारा शीघ्र विद्युत व्यवस्था कराने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि वर्मा जी के साहित्य में सांप्रदायिक सौहार्द की रसधारा बहती है। आज के वर्ग भेद जैसी समस्याओं से व्याप्त समाज को ऐसे साहित्य की बहुत जरूरत है और इसी से देश एवं समाज का सुधार संभव है। संचालन ट्रस्टी व सह सचिव मनमोहन मनु ने किया। आभार व्यक्त सचिव इंजी. मधुर वर्मा ने किया। इस मौके पर बृजेंद्र यादव, मुकेश सिंघल, विजय लाहौरी, इम्तियाज हुसैन, ऋषभ साहू, मनीराम कुशवाहा, अमीर चंद्र, हैदर अली, स्वर्णिमा सोनी, मनोज तिवारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
शिक्षक इंटर कॉलेज में ऐतिहासिक उपन्यास सम्राट वृंदावन लाल वर्मा की जयंती पर कार्यक्रम वर्मा जी के प्रपौत्र इंजी. मधुर वर्मा के मुख्य अतिथि एवं ट्रस्टी सुदर्शन शिवहरे के विशिष्ट आतिथ्य में हुआ। अध्यक्षता प्रबंधक जानकी शरण वर्मा ने की। प्रारंभ में मां सरस्वती एवं उपन्यास सम्राट के चित्र पर माल्यार्पण किया गया। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि वर्मा जी ने मृगनयनी में यह संदेश दिया है कि नैतिकता से परिपूर्ण प्रेम और सौंदर्य जीवन में जरूरी है। अनुशासन एवं संघर्ष के द्वारा व्यक्ति सफलता प्राप्त करता है। कार्यक्रम का संचालन पत्रकार मनमोहन मनु ने किया। अंत में प्रधानाचार्य धर्मराज यादव ने आभार व्यक्त किया। इस मौके पर शिक्षक एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY