सम्‍मान पाने को करने होंगे स्‍पेशल टास्‍क : रिपोर्ट गौरव कुशवाहा

26 लोगों को मिला पुलिस पर्सनल आफ द मंथ का खिताब

0
918

झाँसी। पुलिस कर्मियों को उनके अच्छे काम पर मान के साथ सम्मान मिलना शुरु हो गया है। फरवरी माह में सराहनीय काम करने वाले दारोगा समेत 26 पुलिस कर्मियों को पुलिस पर्सनल ऑफ द मंथ का खिताब से सम्मानित किया गया है। इतना ही नहीं इन पुलिस कर्मियों की फोटो भी लगाई जाएगी।
पुलिस कर्मियों की कठिन ड्यूटी होती है। उनकी 24 घंटे ड्यूटी रहती। अधिकांश पुलिस कर्मी परिवारों से दूर होते हैं। कई ऐसे भी मामले आते जिसमें उन्हें खाना-पानी तक नसीब नहीं हो पाता। पुलिस कर्मी सब कुछ सहते हुए अपनी ड्यूटी को अंजाम देते हैं। ऐसे बहुत से पुलिस कर्मी हैं जिनकी दम पर न केवल सराहनीय काम होते बल्कि समाज में पुलिस की छवि भी अच्छी बनती। उनके सराहनीय कामों से विभाग का मान बढ़ता है, लेकिन उनका हौसला न बढ़ पाने से कहीं न कहीं उनके मन में कुंठा घर बना लेती है, पर अब ऐसा नहीं होगा। पुलिस महानिदेशक ओ पी सिंह की ओर से जारी किए गए फरमान में अच्छा काम करने वाले उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबिल और कांस्टेबिल का थानाध्यक्ष चुनाव करेंगे। ड्यूटी के प्रति समर्पण व समाज में छवि देखते हुए पुलिस कर्मी को चिन्हित कर थाना का पुलिस कर्मी आफ द मंथ का सम्मान दिया जाएगा। कर्मी फोटो थाने पर लगाई जाएगी ताकि अन्य पुलिस कर्मी प्रेरणा ले सकें। बताते हैं कि फरवरी माह में जिले में दारोगा समेत 26 लोगों का चयन किया गया है। इसकी सूची वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जेके शुक्ल को दी गई थी।
रविवार को पुलिस लाइन के सभागार कक्ष में पुलिस उपमहानिरीक्षक जवाहर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जेके शुक्ल ने पुलिस पर्सनल ऑफ द मंथ के खिताब से 26 लोगों को सम्मानित किया है। इसमें सीपरी बाजार थाना के उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह, सदर बाजार के सुरेंद्र प्रताप सिंह, टहरौली के जवाहर लाल, एरच के राममिलन शर्मा, हेड कांस्टेबिलों में कोतवाली के गुरुदेव सिंह, शाहजहांपुर के अरुण कुमार, प्रेमनगर के अजय पाल, बड़ागांव के अतुल मिश्रा, उल्दन के सूर्यप्रकाश सिंह, मोंठ के मानसिंह, समथर के नीरज यादव, चिरगांव के महेंद्र सिंह पाल, टोड़ीफतेहपुर के पप्पू लाल, गुरसरांय के राकेश कुमार दीक्षित, ककरबई के नरेंद्र सिंह, महिला कांस्टेबिलों में नवाबाद की नीतू कुशवाहा, रक्सा की आरती पाल, बबीना की सुधा, बरुआसागर की नीतू सिंह, पूंछ की राखी यादव, मऊरानीपुर की पूजा कुमारी, कटेरा की आरती राजपूत, लहचूरा की शिप्रा गौर, गरौठा की प्रिया शर्मा एवं महिला थाने की किरन दुबे शामिल है।

——————

वाहनों में हुई भिड़ंत, कई घायल

झाँसी। अलग – अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में कई लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
डंपर क्रमांक (यूपी 93टी-2511) झाँसी से मऊरानीपुर की ओर जा रहा था। विपरीत दिशा से तेज गति में आ रहे टैंकर से बरुआसागर के पास भिड़ंत हो गई। इससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में डंपर चालक घायल हो गया। उपचार के लिए उसे मेडिकल कालेज लाया गया।
वहीं, बस क्रमांक (एमएच 04जीपी-1786) मुंबई से लखनऊ की ओर जा रही थी। पूंछ के पास विपरीत दिशा से तेज गति में आ रहे टैंकर क्रमांक (एमएच 43 वाई- 5586) से बस की भिड़ंत हो गई। इसमें बस में सवार लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया। घायलों में भारत नानारो निवासी ग्राम काटलॉस सगोला जिला सोलापुर महाराष्ट्र आदि लोग शामिल है।
———–

दो बहनों से बलात्कार, फिर दी धमकी
झाँसी। दबंगों द्वारा दो बहनों के साथ बलात्कार किए जाने का मामले प्रकाश में आया है। विरोध करने पर दबंगों ने दोनों बहनों को जान से मारने की धमकियां दी है। पीड़ित ने अदालत की शरण ली है।
मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सितौरा निवासी एक व्यक्ति ने अदालत में प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि उसकी बहन 22 नवंबर को घर पर अकेली थी, तभी गांव में रहने वाले दो लोग आए और उसकी दोनों बहनों को एक कमरे में ले गए। वहां पर बलात्कार किया। इसका विरोध करने पर जान से मारने की धमकिया दी है। इसकी सूचना पुलिस को दी मगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। प्रार्थना पत्र के माध्यम से रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। सुनवाई के बाद अदालत ने मऊरानीपुर थाना प्रभारी निरीक्षक को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। इस आदेश के तहत पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
————–

चार की अकाल मौत
झाँसी। अलग – अलग स्थानों पर चार लोगों की अकाल मौत हो गई। इसमें पति के जेल जाने के गम में एक पत्नी ने फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, झुलसी तीन महिलाओं ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

पति के जेल जाने के गम में पत्नी ने लगाई फाँसी
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के महावीरनपुरा मोहल्ले में यशपाल यादव परिवार समेत रहता है। एक साल पहले यशपाल वाहन चोरी के मामले में जेल चला गया था। इसके बाद उसकी अभी तक जमानत नहीं हुई है। इसको लेकर यशपाल की पत्नी सुमन काफी परेशान रहती थी। पति के जेल जाने के बाद सुमन मानसिक रोग से परेशान रहने लगी थी। शनिवार की शाम सुमन ने खाना खाया और कमरे में आराम करने चली गई थी। रविवार की सुबह सुमन जब कमरे से बाहर नहीं आई तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने आवाज की मगर अंदर से जवाब नहीं मिला। बाद में दरवाजा तोड़कर देखा तो सुमन गले में रस्सी का फंदा बांधे लटक रही थी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम को लिए भेज दिया।

मिर्गी का दौरा आते ही जलते स्टोव पर गिरी महिला, मौत
कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मी गेट बाहर मोहल्ले में रहने वाले बद्री प्रसाद की पुत्री संध्या देवी की शादी महोबाकंठ निवासी बालकिशन से हुई थी। कुछ दिनों से संध्या देवी अपने मायके में रह रही थी। रविवार की सुबह वह स्टोव जला रही थी, तभी उसे मिर्गी आई तो वह जलते स्टोव पर गिर गई जिससे वह झुलस गई। झुलसी हालत में उपचार के लिए उसे मेडिकल कालेज लाया गया। वहां उसने दम तोड़ दिया।

संदिग्ध हालत में झुलसी महिला की गई जान
तालबेहट क्षेत्र में रहने वाले अंशुली जैन शनिवार को कमरे में थी, तभी उसके कपड़ों में आग लग गई जिससे वह झुलस गई। झुलसी हालत में उपचार के लिए उसे मेडिकल कालेज लाया गया। यहां उसने दम तोड़ दिया। मृतका के परिजनों का कहना है कि एक साल पहले अंशुली जैन की शादी हुई थी। कपड़ों में कैसे आग लग गई। इस बारे में उनको पता नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।


खाना बनाते समय झुलसी महिला ने तोड़ा दम

बड़ागांव थाना क्षेत्र के ग्राम बराठा निवासी हरीकिशन की पत्नी प्रीति देवी स्टोव जलाकर खाना बना रही थी। इसी बीच साड़ी में लगी आग से वह झुलस गई। झुलसी हालत में उपचार के लिए मेडिकल कालेज लाया गया। वहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
———–
फिर बदमाशों ने दुकानों का ताला तोड़ा, ले गए लाखों का कैश
झाँसी। पुलिस की निष्क्रियता के चलते शहर और देहात में चोरों का धावा जारी है। बीती रात अज्ञात बदमाशों ने दुकान का ताला तोड़कर लाखों का कैश चोरी कर लिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जीवनपुरा मोहल्ले में रहने वाले शकील अहमद की सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के टंडन रोड पर अपना जीन्स के नाम से रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। रोजाना की भांति वह शनिवार की रात दुकान बंद करके घर चला गया। रविवार की सुबह जब वह दुकान पर पहुंचा तो उसे शटर के ताले टूटे दिखाई दिए। इसके बाद शकील ने शटर उठाकर देखा तो अंदर रखी तिजोरी का भी लॉक खुला था। इसमें रखे एक लाख बयालिस हजार रुपए गायब थे। बाद में सीसीटीवी कैमरे को चेक किया तो उसें चोरी की घटना को अंजाम देने वाला बदमाश नजर आया। फुटेज मं एक व्यक्ति दुकान के तालों को तोड़ता हुआ दिख रहा था। दूसरा बदमाश दुकान के अंदर गया। बदमाश ने चेहरे को कपड़े के थैले से ढक लिया था। यहीं बदमाश दुकान का कैश चोरी कर ले गए। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि चोरी करने वाले बदमाशों की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY