धारदार हथियार से गला काटकर एक युवक की हत्या

0
226

झाँसी। सकरार में रविवार को धारदार हथियार से गला काटकर एक युवक की हत्या कर दी गई। शादीशुदा होते हुए वह 3 साल पहले नाबालिग लड़की को घर से भगाकर ले गया था। इस मामले में उसे जेल गया था। जेल से छूटने के बाद लड़की बालिग हुई तो उससे लव मैरिज कर ली। इससे लड़की के परिवार वाले रंजिश रखने लगे। पीड़ित परिवार ने हत्या का शक लड़की के परिवार पर ही लगाया है। हत्या के बाद पूरा परिवार फरार है। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है।

मृतक का नाम करण कुशवाहा (35) पुत्र राजाभैया कुशवाहा है। वह सकरार का रहने वाला था। पिता राजाभैया ने बताया कि बेटा करण और मोहल्ले की नाबालिग लड़की के बीच प्रेम संबंध थे। 2019 में बेटा उस लड़की को भगाकर ले गया था। लड़की के परिवार ने केस दर्ज करा दिया। करीब सवा साल बाद पुलिस ने लड़की को बरामद कर बेटे को जेल भेज दिया था। लड़की ने घर जाने से मना कर दिया था, तब उसे नारी निकेतन भेजा गया था। करीब डेढ़ माह बाद करण जमानत पर जेल से बाहर आ गया। लड़की अब बालिग हुई तो उसने करण कुशवाहा से कोर्ट मैरिज कर ली। 3 माह पहले वह सकरार आकर करण के साथ उसके घर में रह रही थी। पिता का कहना है कि लव मैरिज के बाद लड़की के परिवार वाले रंजिश रखे हुए थे। रविवार को बेटा करण कुशवाहा जावन नहर पुलिया के पास अपने खेत पर बैगन की फसल में पानी लगाने गया था। वहाँ पर लड़की के परिवार वालों ने उसको घेर लिया। धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार करके बेटे की हत्या कर दी। गर्दन को बुरी तरह काट डाला और हाथ पर भी चोट आई। लोगों ने हत्या की सूचना दी तो परिजन मौके पर पहुंच गए।
हत्या की सूचना पर एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, सीओ अरुण कुमार, सकरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। करण की प्रेमिका का पूरा परिवार घर से फरार है। पुलिस की टीमें उनकी तलाश में छापेमारी कर रही हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मऊरानीपुर भेजा गया है। करण कुशवाहा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह पिता के साथ खेतीबाड़ी करता था। लड़की का खेत भी उसके खेत के बगल में है। इससे उनकी दोस्ती हो गई थी। करण की पहली शादी नीतू से 14 साल पहले हुई थी। पहली शादी की 4 बेटियां 12 साल की जयमाला, 10 साल की दीपिका, 8 साल की महेश्वरी और 2 साल की मिस्टी है। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि सकरार में युवक की हत्या हुई है। वह एक लड़की को भगाकर ले गया था, बाद में उससे कोर्ट मैरिज कर ली। अब परिवार वाले लड़की के परिवार पर हत्या का शक जता रहे हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

LEAVE A REPLY