फिर से सक्रिय हो गया बाइक सवार तिलंगा गिरोह : रिपोर्ट गौरव कुशवाहा

कहीं पर जेवरात छीने तो कहीं पर मोबाइल फोन, दहशत

0
958

झाँसी। एक बार फिर से शहर में बाइक सवार तिलंगा गिरोह सक्रिय हो गया। दो दिनों के अंदर इस गिरोह ने ताबड़तोड़ तीन वारदातों को अंजाम दिया। कहीं पर महिला के गले से मंगलसूत्र, कंगन व मोबाइल फोन छीना गया। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।
बताते हैं कि कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मी गेट बाहर मोहल्ले में रहने वाले दंपति गल्ला मंडी से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। कैलाश रेजीडेंसी के पास बाइक सवार तीन बदमाश आए और ओवर टेक करके दंपति की मोटर साइकिल रोक ली। इसी बीच बाइक से उतरा एक बदमाश ने महिला पर तमंचा अड़ाकर गले से मंगलसूत्र, हाथों से सोने के कंगन छीन ली। शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देकर बदमाश बाइक पर सवार होकर रफू चक्कर हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। वहीं, नवाबाद थाना क्षेत्र के कोछाभांवर निवासी रवीन्द्र कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह वाणिज्यकर कार्यालय के पास से निकल रहा था, तभी मोटर साइकिल सवार दो बदमाश आए और तमंचा अड़ाकर मोबाइल फोन लिया। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। उधर, कोतवाली थाना क्षेत्र के सिंधी तिराहा के पास मोटर साइकिल सवार बदमाशों ने महिला के गले से मंगलसूत्र छीन लिया। पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। तीन दिन गुजर जाने के बाद तिलंगों का पता लगाने के मामले में पुलिस पूरी तरह से नाकाम है।

———————-

हैवानियत, पत्नी की हत्या कर शव बालू में छिपाया, पति फरार

बच्चों के सो जाने के बाद दिया घटना को अंजाम
झाँसी। बच्चों के सो जाने के बाद पति ने पत्नी के बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को बालू के ढेर में छिपाकर पति रफू चक्कर हो गया। इस घटना से मोहल्ले में सनसनी फैल गई। सूचना पर गई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं, पुलिस ने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
शिवपुरी के थाना करैरा के ग्राम सुझाई निवासी अशोक अहिरवार कोतवाली थाना क्षेत्र के उन्नाव गेट बाहर मोहल्ले में रहने वाले प्यारेलाल के मकान में किराए से रहता है। उसके साथ उसकी पत्नी सीमा व चार बच्चे भी थे। अशोक अहिरवार यहां रहकर मजदूरी करता है। शनिवार की शाम सीमा ने अपने बच्चे सनी, शिल्पी, मुकुल और जानवी के साथ खाना खाया और कमरे में आराम करने चली गई थी। बच्चे भी कमरे में सो गए थे। रविवार की सुबह अशोक अहिरवार का बेटा सनी सोकर उठा तो उसे कमरे में मां नजर नहीं आई। सनी ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो दरवाजा बाहर से बंद था। इसके बाद वह छत पर गया। गुम्मे रखे अलमारी पर जैसे ही सनी का पैर चढ़ा तो वह नीचे बालू के ढेर पर गिर गया। इस पर उसके शरीर से मां का हाथ टकरा गया। इस पर उसने शोर मचाया तो कमरे के अंदर सो रहे तीन बच्चे भी जाग गए। बाद में पड़ोसियों ने बाहर का ताला तोड़कर अंदर आए और बालू के ढेर को अलग किया तो सीमा बालू के ढेर में दबी हुई थी। इस घटना से मोहल्ले में सनसनी फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह, एसपी सिटी देवेश कुमार पांडेय, सीओ सिटी जितेन्द्र कुमार व कोतवाल अजय पाल सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंचे। सभी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में बालू के ढेर से सीमा के शव को बाहर निकाला गया। माना गया कि रस्सी से गला घोटकर सीमा की हत्या की गई है। इसके बाद शव को बालू के ढेर में छिपाया गया। मौके से हत्यारोपी पति अशोक कुमार अहिरवार फरार हो गया है। इस मामले में मृतका के भाई प्रमोद कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अशोक कुमार अहिरवार के खिलाफ दफा 302,201 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि हत्यारोपी की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पहले पति की मौत के बाद सीमा ने कर ली थी दूसरी शादी

कोतवाली थाना क्षेत्र के उन्नाव गेट बाहर मोहल्ले में रहने वाले अवध किशोर की लड़की सीमा की शादी मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ के ग्राम लिधौरा निवासी एक युवक से हुई थी। सीमा के दो बच्चे थे। लड़का सनी व लड़की शिल्पी थी। इसी दौरान सीमा के पहले पति की मौत हो गई थी। बाद में दूसरी शादी अशोक कुमार अहिरवार से कर ली थी। दूसरे पति से दो बच्चे हैं। इनमें मुकुल और जानवी। परिजनों का कहना है कि अशोक अहिरवार शराब पीने का आदि था। कइयों बार झगड़ा हो चुका था।
—————

शराब के नशे में ग्रासलैंड वैज्ञानिक की रिवाल्वर छीनी

झाँसी। शराब के नशे में धुत ग्रासलैंड वैज्ञानिक की लाइसेंसी रिवाल्वर छीन ली। शोर मचाने पर विपक्षी धमकी देकर भाग गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित नालंदा कॉलोनी में भारतीय चारागाह एवं अनुसंधान केन्द्र का वैज्ञानक यशक राय परिवार समेत रहता है। शनिवार को वह ग्वालियर रोड स्थित एक दुकान पर दोस्तों के साथ शराब का सेवन कर रहा था। इसी बीच वहां पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट होना शुरु हो गई। शराब के नशे में धुत वैज्ञानिक ने लाइसेंसी रिवाल्वर निकाली और धमकाना शुरु किया। मौका देख विपक्षी वहां से भाग गए। कुछ देर बाद वैज्ञानिक ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर देखी तो गायब थी। रविवार की सुबह वैज्ञानिक थाने पहुंचे और रिवाल्वर छीनने की सूचना दी। यह सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। बाद में र्वैज्ञानिक ने पुलिस को बताया कि उसकी रिवाल्वर गायब हो गई। इस मामले में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
————-

सड़क हादसे में पति की मौत, पत्नी घायल

झाँसी। हाइवे पर सेसा के पास ट्रक की टक्कर लगने से बाइक सवार पति की मौत हो गई जबकि पत्नी घायल हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
एरच थाना क्षेत्र के ग्राम खलार निवासी माता प्रसाद यादव अपनी पत्नी सुनीता देवी के साथ मोटर साइकिल पर सवार होकर जालौन के ग्राम कुठौंद में रहने वाले रिश्तेदार के यहां गए थे। वहां से दोनों लोग बाइक पर सवार होकर वापस गांव लौट रहे थे। पूंछ स्थित सेसा के पास विपरीत दिशा में तेज गति से आ रहे ट्रक ने मोटर साइकिल में टक्कर मार दी जिससे पति की मौत हो गई जबकि पत्नी घायल हो गई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पति के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। जबकि घायल पत्नी को उपचार के लिए मेडिकल कालेज भेजा गया।
————-

छात्रा को चाकू मारने वाले आरोपी ने किया सुसाइड

मृतक के परिजनों ने लगाया हत्या कर शव फेंकने का आरोप
झाँसी। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बल्लमपुर के पास रेलवे लाइन पर एक युवक का शव पड़ा मिला। पाया गया कि छात्रा को चाकू मारने के बाद प्रेमी ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। वहीं, मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव को फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मालूम हो कि प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हंसारी में एक छात्रा को चाकू मारकर आरोपी फरार हो गया था। इस मामले में पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी, तभी सूचना मिली कि बल्लमपुर के पास रेलवे लाइन पर एक युवक का शव पड़ा है। सूचना पर गई पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। इसकी जानकारी लगते ही हंसारी में रहने वाले कुछ लोग वहां पहुंच गए। उन्होंने शव की पहचान कर ली। यह शव मऊरानीपुर के ग्राम स्यावनी निवासी अक्षय राय का है। इसी युवक को छात्रा के साथ देखा गया था। इसकी सूचना अक्षय राय के परिजनों को दी गई। वह लोग रविवार की सुबह पोस्टमार्टम कक्ष पहुंच गए। मृतक के परिजनों का कहना है कि हत्या करने के बाद अक्षय राय के शव को रेलवे पटरी पर फेंका गया। वहीं, पुलिस का मानना है कि छात्रा को चाकू मारने के बाद अक्षय राय ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
————–

ट्रेन से गिरकर महिला की मौत

झाँसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के करारी के पास ट्रेन से गिरकर एक महिला की मौत हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
———–

सट्टा खिलाते युवक गिरफ्तार

झाँसी। कोतवाली पुलिस ने सट्टा खिलाते समय एक युवक को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक कसाई मंडी के पास रहने वाले चंदन कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 450 रुपया व सट्टे की पर्ची बरामद की गई है।
———-

कच्ची शराब बेचते दो गिरफ्तार

झाँसी। बड़ागांव थाने की पुलिस ने कच्ची शराब बेचने के आरोप में दो महिलाओं को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक कबूतरा डेरा पर रहने वाली श्रीमती नृपति व श्रीमती फूल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की है।

LEAVE A REPLY