वातानुकूलित यानों पर विशेष ध्यान दें अधिकारी: एडीआरएम

0
937

झाँसी। अपर मंडल रेल प्रबंधक संजय सिंह नेगी ने सभी शाखाधिकारियों के साथ कार्य समीक्षा बैठक की। बैठक में उनके द्वारा विशेष रूप से संरक्षा सम्बंधित मामलों मे अत्यधिक सावधानी बरतने हेतु सभी शाखाधिकारियों को निर्देशित किया गया। गाड़ियों की समयबद्धता पालन करने पर जोर दिया गया ताकि सभी गाड़ियाँ समयानुसार संचालित हो सकें। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए वातानुकूलित यानों पर विशेष ध्यान देने हेतु सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया ताकि किसी प्रकार के फेलियर की संभावना उत्पन्न ना हो। ट्रेन एवं स्टेशनों पर पानी की पर्याप्त व्यवस्था रखी जाए जिससे यात्रियों को गर्मी के मौसम में असुविधा न हो। इसके साथ-साथ अपर मंडल रेल प्रबंधक श्रीनेगी ने अनधिकृत यात्रा की रोकथाम हेतु टिकट जाँच कर्मियों हेतु भी निर्देश जारी किये की वह अनधिकृत रूप से यात्रा करने वालों को समझाएं की यदि आप उचित टिकट खरीदकर यात्रा कर रहे है तो ना सिर्फ आप अच्छे नागरिक होने का फ़र्ज़ निभा रहे हैं बल्कि आप रेलवे और देश को आगे बढाने में भी योगदान प्रदान कर रहे हैं।
————

बांदा स्टेशन पर टिकट जांच अभियान चलाया

झाँसी। रेलवे मजिस्ट्रेट बांदा भूलेराम के नेतृत्व में बांदा स्टेशन पर बस रेड कर वृहद टिकट जांच अभियान चलाया चलाया गया। इस अभियान में बिना टिकट, अनियमित यात्रा,, बिना बुक लगेज एवं गन्दगी फैलाते हुए कुल 63 प्रकरण दर्ज हुए, जिनसे जुर्माना स्वरुप रूपए 26,200/- वसूल किये गए तथा जुर्माना अदा ना करने की स्थिति में 01 यात्री को जेल भेजा गया। इस अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक वी के खरे सहित मुख्य टिकट निरीक्षक अजय कुमार, आर के वाजपेयी, संजय पटेल एवं तारिक हुसैन द्वारा विशेष योगदान प्रदान किया गया।
———-

‘182’ नंबर पर रेलयात्रा के दौरान तत्काल मदद

झाँसी। सुरक्षा हेल्पलाइन 182 की कामयाबी और शिकायतों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे इसका विस्तार एवं सुधार करेगा। सुरक्षा हेल्पलाइन रेल यात्रियों, खासकर बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा संबंधी शिकायतों जैसे कि दु‌र्व्यवहार, छेड़खानी, मारपीट, अपहरण या हत्या का प्रयास आदि के त्वरित समाधान करने के इरादे से शुरू की गई थी।
हेल्पलाइन जियो सेंसिंग प्रणाली से जुड़ी है। 182 फोन नंबर पर की जाने वाली यात्री की शिकायत संबंधित डिवीजन के आरपीएफ कंट्रोल को पहुंचती है। जहां से तत्काल ट्रेन में तैनात स्क्वाड को संदेश पहुंचता है और वे मौके पर पहुंच कर यात्री की मदद करते हैं। हेल्पलाइन के संचालन के लिए 68 डिवीजनों के अलावा दिल्ली और हावड़ा में एक-एक अतिरिक्त कंट्रोल सेंटर खोले गए हैं। अब इन केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। आगे चलकर रेलवे का इरादा सभी प्रमुख स्टेशनों पर कंट्रोल सेंटर खोलने का है। केंद्रों में फोन आपरेटरों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
————–

ट्रेन पैसेंजर्स के लिए रेलवे देने जा रहा बड़ी सुविधा

जल्द तैयार होगा यूटीएस एप
झाँसी। रेल से सफर करने वाले यात्रियों को अब जो सुविधा मिलने जा रही है उससे यात्रियों की सबसे बड़ी परेशानी दूर हो जाएगी। रेल यात्री अब जनरल टिकट के लिए अब काउंटरों पर भीड़ में लड़ने की जरूरत नहीं है। यह आप घर बैठे भी बुक करा सकेंगे। इसके लिए रेलवे नई सुविधा शुरू करने जा रहा है। रेलवे इसके लिए यूटीएस एप तैयार कर रहा है। इससे रेल यात्रियों को काफी सुविधा मिल सकेगी। यह सुविधा जल्द शुरू होने जा रही है।
रेलवे सूत्रों का कहना कि, रेलवे में अभी जनरल कोच के टिकट स्टेशन जाकर ही लेने पड़ते हैं। कई बार यात्रियों को भीड़ के कारण टिकट नहीं मिल पाते हैं। ऐसे में उन्हें काफी नुकसान उठाना पड़ सकता है। रेलवे की यह एप यात्रियों को इस पूरे झंझट से बचाएगी। इस एप को आप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद मोबाइल नंबर रजिस्टर करें और कंटीन्यू करें। इसके बाद इस एप पर आपकी आईडी बन जाएगी।
इसके बाद जिस स्टेशन पर आपको जाना है उसका नाम लिखें। इसमें संख्या तय नहीं होती है। इसलिए आप सीधे बुक करा सकते हैं। वहीं अगर आपको लगे कि टिकट कैंसिल कराना है तो 30 रुपए शुल्क लगेगा और टिकट वापस हो जाएगा।

LEAVE A REPLY