लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के नेतृत्व में परमाणु परीक्षण करके हमने शक्तिशाली देश होने का गौरव प्राप्त किया है। वे आज पोखरण धमाके के 20वीं वर्षगांठ पर रायबरेली के सुपर मार्केट में आयोजित युवा शक्ति सम्मेलन में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई ने देश के मान-सम्मान को बढ़ाया है। साथ ही साथ ताकतवर राष्ट्र होने का गौरव भी दिलाया है। हमारे सैनिकों ने कारगिल युद्ध में अदम्य साहस का परिचय दिया था। कागरिल दुनिया का सबसे कठिन लड़ाई का मैदान है, दुनिया के तमाम देशों ने अटल जी को युद्ध विराम के लिए फोन किया था लेकिन उन्होंने कहा था हमारी सरजमी पर जब तक एक भी पाक घुसपैठीयां रहेगा तब तक युद्ध विराम नहीं हो सकता।
डा0 पाण्डेय ने कहा कि कश्मीर में हमारे सैनिक आतंकियों को चुन-चुन कर मार रहे है। मनमोहन सरकार के समय में चीनी सैनिक लद्दाख के अंदर तक आ जाते थे तो उन्हें सफेद कपड़ा दिखाकर वापस जाने के लिए कहना पड़ता था। भाजपा सरकार आते ही डोकोलाम में चीनी सैनिकों के प्रवेश होते ही हमारे सैनिक उन्हें धक्का देकर सीमा से बाहर कर देते है, यह सब पूरे विश्व ने देखा है। भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र भाई मोदी ने उस दौरान कहा था कि भारत 1962 वाला भारत नहीं रह गया है। हमारे सैनिक देश की रक्षा के लिए सजग है।
प्रदेश अध्यक्ष डा0 महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने कहा कि चीन सहित दुनिया के तमाम देशों में भारत के प्रधानमंत्री का स्वागत जैसा होता है, वैसा आज तक किसी अन्य प्रधानमंत्री का नहीं हुआ है। मोदी सरकार सबका साथ-सबका विकास को आधार बनाकर हर वर्ग के लोगों के बीच जन कल्याण के कार्यक्रम कर रही है वैसा कार्य किसी दूसरी सरकार में नहीं हुआ है। पिछली सरकारों में जहां अधिकारी काम नहीं करते थे आज वहीं सब पूरी निष्ठा से काम कर रहे है। उ0प्र0 की पूर्ववर्ती सपा-बसपा की सरकारों ने जनता के साथ न्याय नहीं किया था। योगी सरकार जनता की बेहतरी के लिए काम कर रही है।
इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुरेश चंद्र तिवारी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री बृज बहादुर, जिला प्रभारी हीरो बाजपेई, एमएलसी दिनेश सिंह, जिलाध्यक्ष दिलीप यादव, अनीता श्रीवास्तव समेत अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष त्रिवेदी ने किया।