झांसी। चित्रा चौराहे स्थित एक स्थानीय होटल में महिला सुरक्षा अभियान के लिए मार्ग श्री संस्था द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मार्ग श्री चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष ध्रुव सिंह यादव ने बताया कि समाज में महिला पुरुष में बढ़ता भेदभाव महिला हिंसा का कारण बनता जा रहा है, जिसमें यौन शोषण बलात्कार जैसी घटनाओं में बहुत ही छोटे बच्चों से लेकर वृद्ध महिलाएं पीड़ित हो रही हैं। इसे हर हाल में रोकना होगा। समाज में जागरूकता की बहुत ही आवश्यकता है। संस्था ने तय किया है कि हम लोग एक वर्ष में लगभग एक लाख छात्र-छात्राओं व अभिभावकों को जागृत करेंगे। इसके अलावा शासकीय अशासकीय विद्यालयों कॉलेजों में यह कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसमें समाज के अन्य नागरिकों का भी सहयोग लिया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि यह बहुत ही महत्वपूर्ण अभियान है। समाज में महिलाओं की सुरक्षा का खतरा बढ़ता जा रहा है। इसे हर हालत में रोकना होगा और महिलाओं को बराबर का सम्मान मिलना चाहिए। सरकार ने महिला हिंसा रोकने के जो कानून बनाए हैं। उनका सख्ती से पालन होना चाहिए। प्रत्येक घटना की शिकायत होनी चाहिए और उस पर कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। अब वक्त आ गया है कि अभिभावकों को अधिक सतर्क व जिम्मेदार होना पड़ेगा और हर एक घटना को गंभीरता से लेना पड़ेगा। इस मौके पर राजेश अग्रवाल, डॉ संध्या चौहान, विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सीपी पैन्यूली मौजूद रहे।
यह है महिला सुरक्षा दल
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के परिवेश को ध्यान में रखकर इसकी आवश्यकता महसूस की गई। समाज में शिक्षा जागरूकता एवं संसाधनों की वृद्धि तो हुई पर महिलाओं के प्रति समाज का नजरिया अभी भी बहुत ज्यादा नहीं बदला है। इसलिए समाज का एक भाग महिलाओं को कमजोर, बेचारी और भोग की वस्तु मात्र मानता है और आए दिन महिला हिंसा, यौन शोषण, बलात्कार, छेड़छाड़, हत्या आदि की घटनाओं में बढ़ोतरी हो रही है। इसे अब संगठित तरीके से तैयारी कर सतर्कता दिखा कर उसको रोकना होगा। यह काम महिला सुरक्षा दल कर सकता है।