ठांय ठांय ठांय, ढिशुम ढिशुम

प्रधानी चुनावी की रंजिश को लेकर हुआ बवाल, गांव में पुलिस बल तैनात, प्रधान पक्ष पर मुकदमा दर्ज

0
1018

झाँसी। प्रधानी चुनावी की रंजिश को लेकर फिर से हिंसा होना शुरु हो गई है। शनिवार की सुबह बरुआसागर थाना क्षेत्र के ग्राम तैंदोल में प्रधान और पूर्व प्रधान के पक्षों में जमकर बवाल हुआ। पथराव, फायरिंग व डंडे चले, जिससे गांव में भगदड़ मच गई। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज लाया गया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया। देरशाम प्रधान पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
जानकारी अनुसार बरुआसागर थाना क्षेत्र के ग्राम तेंदोल में विनोद यादव प्रधान है, जबकि रामसहाय यादव की पत्नी कस्तूरी देवी यादव पूर्व ग्राम प्रधान है। प्रधानी चुनाव को लेकर दोनों में पक्षों में मनमुटाव चल रहा था। मनमुटाव के चलते दोनों पक्षों में कइयों बार विवाद की स्थिति पैदा हो चुकी हैं, मगर समाज के लोगों के समझाने पर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। प्रत्‍यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार की सुबह पूर्व प्रधान पक्ष का संतोष यादव व रविन्द्र यादव मोटर साइकिल पर सवार होकर घर से खेत जा रहे थे, जैसे ही वह घर के बाहर पहुंचे, तभी दूसरे पक्ष ने मोटर साइकिल पर डंडा मारकर दोनों को गिरा दिया। विरोध करने पर डंडे से हमला कर दिया। साथ ही गाड़ी भी तोड़ दी। इस मामले की जानकारी उस पक्ष के अन्य लोगों को हुई, तो वह लोग भी इकट्ठा हो गए। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ और डंडे चले, जिससे गांव में दहशत का माहौल पैदा हो गया। गांव में निवास करने वाले अधिकांश लोगों ने अपने अपने मकानों के दरवाजे तक बंद कर दिए। इसी दौरान फायरिंग शुरु हो गई जिससे गांव में भगदड़ मच गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी देवेश कुमार पांडेय, आईपीएस मुश्ताक व बरुआसागर थाना प्रभारी धर्मेन्द्र सिंह चौहान मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देख मौके कुछ लोग गांव छोड़कर भाग गए।
वहीं,गोली लगने से पूर्व प्रधान पक्ष की ओर से संतोष कुमार यादव, वीरेन्द्र यादव, भगवान सिंह यादव, रविन्द्र यादव, आकाश यादव, दीपचन्द्र यादव व प्रधान पक्ष की ओर से विनोद यादव, द्वारिका यादव, गोपी यादव, नीलू यादव, रामकिशोर यादव, रहीस यादव संतोष यादव, राम सिंह यादव और रविन्द्र यादव को झाँसी लाया गया। पहले घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। बाद में हालात में सुधार न होने पर मेडिकल कालेज लाया गया। घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ ओ पी सिंह व शहर थाने के थानेदार मेडिकल कालेज पहुंच गए। घायलों से एसएसपी ने बात करते हुए घटना के बारे में पूरी जानकारी ली। इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ओ पी सिंह ने बताया कि तेंदोल गांव में पूर्व प्रधान और वर्तमान प्रधान के बीच ट्रैक्टर निकालने को लेकर आज विवाद हुआ। पूर्व और वर्तमान प्रधान के बीच कई मामलों को लेकर विवाद है, जिसके चलते आज का विवाद इतना बढा कि मारपीट हो गयी। इस मारपीट में दोनों ही ओर से कई लोग घायल हुए। एसएसपी का कहना है कि घटना को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इसके अलावा दोनों पक्षों में नजर रखी जा रही हैं। वहीं, पूर्व प्रधान पक्ष सचिन यादव की तहरीर पर बरुआसागर थाने की पुलिस ने प्रधान विनोद यादव आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

LEAVE A REPLY