केवीके में किसानों को आगे बढ़ाने के लिए दिया जाएगा प्रशिक्षण

0
816

झाँसी। किसानों को प्रशिक्षण और जानकारी द्वारा उनकी आय वृद्धि करने के लिए मार्ग श्री संस्था द्वारा सैंयर गांव में कृषि विकास केंद्र केवीके का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने केवीके का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह केंद्र ग्रामीणों को किसानी, पशुपालन, बकरी पालन, वृक्षारोपण आदि की जानकारी व प्रशिक्षण देकर उनकी आय में निश्चित रुप से वृद्धि करेगा। किसान खुशहाल होगा, तो समाज में सुख चैन आएगा। आज किसान कई समस्याओं से ग्रस्त है, कर्ज में डूबा हुआ है। आत्महत्या कर रहा है। ऐसे में उनकी मदद करना अति आवश्यक है। कृषक समृद्धि आयोग के सदस्य श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि केवीके के माध्यम से किसान जहर मुक्त खेती करेगा। गाय, गोबर, गोमूत्र का प्रयोग करके फसलों की लागत में कमी आएगी और प्राकृतिक खेती से हमें शुद्ध अनाज व सब्जी मिलेगी। इससे हम सभी स्वस्थ रह पाएंगे और किसानों की आय में वृद्धि होगी।

मंजरी फाउंडेशन धौलपुर राजस्थान के कार्यकारी निदेशक संजय शर्मा ने कहा हमें किसानों विशेषकर महिलाओं को प्रशिक्षित करके उत्पादों का रूप बदलकर मार्केट में उतारना होगा, जिससे उनको बेहतर मूल्य मिल सके। आज किसान को उद्यमी बनाने की अति आवश्यकता है। मार्गश्री संस्था के निदेशक धु्रव सिंह यादव ने कहा कि केवीके किसानों को सक्षम, समृद्ध व संगठित करने का काम करेगा। विनोद मिश्रा ने कहा कि केंद्र में विभिन्न विषयों, प्राकृतिक खेती, जहर मुक्त खेती, पशु पालन, बकरी पालन, औषधीय खेती, नगदी फसलों को बढ़ावा देने हेतु विषय विशेषज्ञों को बुलाकर किसानों को प्रशिक्षित किया जाएगा और सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने का भी प्रयास किया जाएगा। ग्रासलैंड के डॉक्टर हाशमी ने तकनीकी जानकारी प्रदान की और कहा कि खेती किसानी बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य है। अशोक अग्रवाल ने कहा कि केवीके का प्रयास बहुत ही उपयोगी साबित हो सकता है। इसमें ग्रामीणों को बढ़ चढ़कर जोड़ना होगा और अपनी खेती किसानी हेतु नई नई तकनीकी का लाभ लेना होगा। इस अवसर पर संजय उपाध्याय, सुधीर सिंह, सुदामा रामेश्वर यादव आदि मौजूद रहे। अंत में उधम सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY