ननि : क्‍या ऐसे बनेगा महानगर स्‍मार्ट सिटी

0 बिजली विभाग की शिकायतों के लगे हैं अम्‍बार ---------------------- 0 अधिकारियों को मुख्‍य सचिव ने लगाई फटकार, दिए कार्रवाई के निर्देश

0
1104

झांसी। केन्‍द्र सरकार ने जिस विभाग को झांसी महानगर को स्‍मार्ट सिटी बनाने का कार्य सौंपा है। आज झांसी पहुंचे उप्र के मुख्‍य सचिव ने औचक निरीक्षण कर उसकी ही पोल खोल दी और अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। सबसे बड़ी बात पूरे शहर में सफाई का दम्‍भ भरने वाले नगर निगम में ही गंदगी के ढेर मिले और शौचालय गंदे पाए गए। ऐसे में शहर की सफाई व्‍यवस्‍था के क्‍या हाल हैं। यह हर कोई जान सकता है। वहीं शिकायतों के ढेर मिले, तो सबसे अधिक बिजली विभाग की शिकायतें पाई गईं। जबकि नगर निगम में स्‍ट्रीट लाईट के लिए कई अलग अलग व्‍यवस्‍थाएं की हुई हैं। सरकारी कम्‍पनी के साथ ही नगर निगम के कर्मचारी है और साथ ही प्राईवेट ठेका भी दिया हुआ है। ऐसे में प्रदेश के उच्‍चाधिकारी ने नगर निगम का खुद औचक निरीक्षण कर व्‍यवस्‍थाएं देखी और अधिकारियों को फटकार लगाते हुए व्‍यवस्‍थाएं सुधारने के ही नहीं, जिम्‍मेदार लोगों पर कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
बता दें कि शनिवार को उत्‍तर प्रदेश के मुख्य सचिव आरके तिवारी जनपद झांसी पहुंचे और उन्होंने सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ वार्ता की तथा जनपद की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने वार्ता के दौरान कहा कि फसल क्षति का सर्वे जल्द किया जाए और किसानों को मुआवजा शीघ्र वितरित कराया जाए। उसके बाद मुख्य सचिव ने नगर निगम झांसी का औचक निरीक्षण किया। मौके पर गंदगी और शिकायतों का अंबार देख सख्त नाराजगी व्यक्त की। उन्‍होंने कहा कि जब नगर निगम में ही गंदगी का अंधेरा है तो बाहर कैसे साफ होगा। निरीक्षण में उन्होंने प्राप्त शिकायतों की क्रॉस चेकिंग की और सही निस्तारण न होने पर फटकार लगाते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नगर निगम में किसानों ने अपनी उपज के भुगतान हेतु शिकायत की। उन्होंने 10 दिवस में भुगतान करने के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने औचक नगर निगम कार्यालय पहुंचकर सबसे पहले एकल खिड़की का निरीक्षण किया और प्राप्त शिकायतों की जानकारी ली।

लगभग 650 शिकायतों में आधे से अधिक शिकायतें स्ट्रीट लाइट के संबंध में प्राप्त हुईं। उन्होंने कुछ शिकायतकर्ताओं से बात की तो शिकायतकर्ताओं ने बताया कि स्ट्रीट लाइट ठीक नहीं हुई है।  मुख्य सचिव ने विद्युत विभाग नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ उत्तरदायित्व तय करते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वहां से मुख्य सचिव ने संपूर्ण नगर निगम कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम में शौचालय बेहद गंदे पाए गए तथा शौचालय में लाइट ना होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। भ्रमण में अनेक सामान्य नागरिकों ने नगर निगम के कार्य की शिकायत की।  मुख्य सचिव ने कहा कि नगर निगम कार्यशैली में शीघ्र सुधार लाएं। भ्रमण से पूर्व सर्किट हाउस में अधिकारियों से वार्ता करते हुए जनपद में अति वर्षा जलभराव से होने वाले फसल नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हर हाल में गेहूं की बुवाई से पूर्व किसानों को फसल क्षति का मुआवजा दिलाया जाए, ताकि रवि की फसल में उन्हें मदद मिल सके। उन्होंने शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि योजना अंतर्गत पात्र किसी भी दशा में छूटने न पाए। औचक निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्‍त सुभाष चंद शर्मा, डीआईजी सुभाष बघेल, जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ओपी सिंह, नगर आयुक्त मनोज कुमार, अपर आयुक्त अख्तर रियाज, मुख्य विकास अधिकारी निखिल टीकाराम फुण्‍डे, प्रशिक्षु आईएएस संजीव कुमार मौर्य आदि मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY