स्व. भारतीय जी की लेखनी का असर पूरे मध्यप्रदेश में होता था – नपा अध्यक्ष

11वीं पुण्यतिथि पर किया अंबादत्त भारतीय मार्ग नामपट्ट का लोकार्पण

0
137

सीहोर। नगर के मूर्धन्य पत्रकार स्व. अंबादत्त भारतीय की लेखनी का प्रभाव पूरे मध्यप्रदेश में था। अधिकारी, नेता और आमजन उनका बड़ा सम्मान करते थे। क्योंकि वे जनता के लिए अपनी लेखनी चलाते थे। उनका पूरा जीवन पत्रकारिता को समर्पित था। साक्षरता अभियान को सफल बनाने में उनका बहुमूल्य योगदान था। उनकी उपलब्धियों को देखते हुए आज से अब खजांची लाइन को अंबादत्त भारतीय मार्ग के नाम से जाना जाएगा।
यह बात नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष विकास प्रिंस राठौर ने शुक्रवार को खजांची लाइन में अंबादत्त भारतीय मार्ग के नामपट्ट का अनावरण करते हुए कही। उन्होंने बताया कि स्व. भारतीयजी प्रदेश के सर्वाधिक डिग्री प्राप्त पत्रकार थे। उनका विराट व्यक्तित्व बहुत प्रभावशाली था। उन्होंने अपने जीवन के महत्वपूर्ण दशक खजांची लाइन के एक किराये के मकान में ही बिताए थे इसलिए नगर के पत्रकारों की मांग पर इस मार्ग का नामकरण किया गया है। आज का दिन इसलिए भी विशेष हो गया है कि आज बाबा भारतीयजी की 11वीं पुण्य तिथि है। उन्होंने इस अवसर पर बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नगर के व्यवस्थित विकास और पत्रकारों का हरसंभव सहयोग करते रहने की बात भी कही। कार्यक्रम को पूर्व नपा अध्यक्ष सुश्री रुकमणी रोहिला, अंबादत्त भारतीय स्मृति पत्रकारिता संग्रहालय एवं शोध संस्थान के अध्यक्ष रघुवर दयाल गोहिया, भाजपा नेता मानसिंह पंवार, पार्षद प्रतिनिधि आशीष गहलोत आदि ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला भाजपा के महामंत्री राजकुमार गुप्ता, मोहन चौरसिया, अशोक गोयल, पत्रकार साथी केजी बैरागी, विमल राय, विनय भटेले, बिल्लू समाधिया, हिमालय गोहिया, पंकज पंजवानी निर्मल पचौरी, शैलेंद्र पहलवान, हरीश आर्य, सुरेश सोनी, अनिल सक्सेना, सक्षम पालीवाल, संतोष सिंह, रामसिंह परमार, विनोद राठौर आदि उपस्थित रहे।

रिपोर्ट : वरिष्‍ठ पत्रकार रघुवर दयाल गोहिया , सीहोर

LEAVE A REPLY