झांसी नगर निगम के महापौर पद पर बिहारी लाल आर्य का कब्‍जा

· भाजपा ने लगातार तीसरी बार इस सीट को जीता · भाजपा प्रत्‍याशी ने अपने निकटतम कांग्रेस प्रत्‍याशी को 83587 वोट से हराया

0
77

झांसी। नगर निगम झांसी के महापौर पद पर भारतीय जनता पार्टी ने लगातार तीसरी बार विजय हासिल की है, जिसमें भाजपा प्रत्याशी ने अपने निकटतम कांग्रेस प्रत्‍याशी को 83587 वोट से हरा दिया। वहीं बसपा तीसरे और सपा की साईकिल चौथे स्‍थान पर रही।
महापौर प्रत्‍याशी के तौर पर पूर्व विधायक बिहारी लाल आर्य का नाम घोषित होने के बाद महानगर में उनका काफी विरोध किया गया और उनको बिहारी की जगह बाहरी कहा जाने लगा। उसके बाद मुख्‍यमंत्री उत्‍तर प्रदेश सरकार के झांसी आकर बिहारी को जिताने की अपील की गई, हालात फिर भी नहीं बदले। पर झांसी की जनता ने मुख्‍यमंत्री योगी के हाथ मजबूज करने का ठान लिया था, जिसे जनता ने पूरा किया। वोटिंग कम होने को लेकर काफी कयास लगाए जा रहे थे। आज परिणाम ने सब कयासों को बदल दिया और बिहारी लाल की जीत की इबारत लिख दी।
उल्लेखनीय है कि साल 2012 से झांसी नगर निगम की महापौर सीट पर भारतीय जनता पार्टी के ही कब्‍जे में है। पहले किरन राजू बुकसेलर, दूसरे रामतीर्थ सिंघल भाजपा के टिकट पर महापौर बने। इस बार भाजपा ने पूर्व विधायक बिहारीलाल आर्य पर दांव लगाया था। वहीं, सपा से पूर्व विधायक सतीश जतारिया, बसपा से भगवन दास फुले और कांग्रेस ने पूर्व पार्षद अरविंद कुमार मैदान में उतारा था। नगर निगम झांसी में कुल दो लाख 16 हजार 153 मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग करते हुए 47.19 प्रतिशत मतदान किया था। इसमें बीजेपी के बिहारीलाल को 123451, कांग्रेस प्रत्‍याशी अरविंद कुमार को 39903, बसपा के भगवान दास फुले को 21570 और सपा प्रत्‍याशी सतीश जतारिया को 21029 वोट मिले। वहीं अन्‍य दो प्रत्‍याशी आप पार्टी से नरेश वर्मा को 5621 और बुंदेलखंड क्रांति दल के शिवदयाल को 1568 वोट मिले। वहीं नोटा में एक प्रत्‍याशी के वोट से अधिक वोट पड़े, जिसमें नोटा को 2850 वोट मिले। 25 राउण्‍ड की मतगणना में बिहारी लाल आर्य पहले चरण से ही बढ़त बनाकर चले और चलते चलते 83587 वोट से आगे निकल गए। फिलहाल मुख्‍यमंत्री योगी ने झांसी की जनता से वादा किया था कि आप इनको जिताओ विकास कार्यों के लिए पैसे की कमी नहीं होगी। वहीं जल्‍दी ही जनता को हाउस टैक्‍स की वृद्धि और वाटर टैक्‍स से निजात मिल सकेगी, क्‍योंकि इसका वादा खुद प्रत्‍याशी ने किया था।

LEAVE A REPLY