महिला ने दूसरी मंजिल से कूदकर दी जान

0
8

झांसी। पुलिस इंस्पेक्टर के घर की दूसरी मंजिल से कूदकर महिला ने जान दे दी। दो दिन पहले हुए विवाद के चलते पति उसे छोड़कर चला गया था।
सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के मुरारी नगर में रहने वाली महिला इंस्पेक्टर के मकान में किराए से अवनीश खरे अपनी पत्नी रीना खरे के साथ रहता था। उसका पति अवनीश आईसीआईसीआई बैंक में जॉब करता था। दोनों की 13 साल की एक बेटी है, जो पास के ही एक स्कूल में 8वीं कक्षा में पढ़ती है। करीब 4 माह पहले पति की नौकरी छूट गई थी। इसके बाद से पति नशा करने लगा था। दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। दो दिन पहले पति अपने घर मऊरानीपुर चला गया था।
शनिवार की सुबह करीब 6:30 बजे महिला कमरे से बाहर निकली और दूसरी मंजिल पर पहुंच गई। वहां से महिला ने छलांग लगा दी। उस समय महिला की बेटी सो रही थी। घटना के कुछ देर बाद लोग घर से निकले तो उनको गली में महिला की लाश नजर आई। तब लोगों ने इंस्पेक्टर के घरवालों को जानकारी दी। पहले परिवार को लगा कि कोई बाहर की महिला की लाश पड़ी है। मगर, गौर से देखा तो लाश किराएदार रीना की थी।
महिला का मायका मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में है। मायके और ससुराल वाले झांसी के लिए रवाना हो गए हैं। देरशाम मायके वाले भी यहां आ गए है। इसकी सूचना मिलते ही एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, एसएचओ जितेंद्र कुमार सिंह मय स्टॉफ के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। इस संबंध में एसपी सिटी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।

—————–

फांसी लगाकर नवविवाहिता ने की आत्महत्या


झांसी। एरच थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मायके वालों ने ससुरालियों पर मृतका को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एरच थाना क्षेत्र के ग्राम अचौसा में सूर्य प्रताप सिंह परिवार समेत रहता था। शनिवार की सुबह सूर्य प्रताप सिंह की पत्नी ममता देवी का शव घर के कमरे में फांसी पर लटका मिला। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के मायके वालों के अनुसार उनकी बेटी की शादी 14 दिसंबर 2022 को सूर्यप्रताप सिंह के साथ हुई थी। उन्होंने हैसियत के अनुसार दहेज भी दिया था। लेकिन शादी के बाद से ही ससुरालीजनों उससे चार पहिया गाड़ी बोलेरो और पैसों की मांग करने लगे। जिसके चलते बेटी को प्रताड़ित किया जाने लगा। इसी प्रताड़ना से परेशान होकर उसने आत्महत्या की है। मृतका के पिता ने एरच पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

LEAVE A REPLY