अभाविप- प्रो छगनभाई नानाजी पटेल राष्ट्रीय अध्यक्ष व निधि त्रिपाठी राष्ट्रीय महामंत्री निर्वाचित

0
782

झाँसी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा प्रो डॉ छगनभाई नानाजीभाई पटेल को सत्र 2020-21 के लिए निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं निधि त्रिपाठी को राष्ट्रीय मंत्री के रूप में निर्विरोध चुना गया। इसकी घोषणा अभाविप केंद्रीय कार्यालय मुंबई से की गई। झाँसी के विभाग संगठन मंत्री अजय यादव ने बताया कि अभाविप के केंद्रीय कार्यालय की चुनाव अधिकारी डॉ उमा श्रीवास्तव द्वारा जारी वक्तव्य के अनुसार उपरोक्त दोनों पदों का कार्यकाल एक वर्ष रहेगा एवं दोनों पदाधिकारी नागपुर में 25-26 दिसंबर 2020 को होने वाले 66 में राष्ट्रीय अधिवेशन में अपना पद ग्रहण करेंगे।

प्रो सीएन पटेल मूलतः गुजरात के मेहसाणा जिले से हैं। वर्तमान में मेहसाणा के सार्वजनिक फार्मेसी कॉलेज में प्रोफेसर एवं प्राचार्य तथा गुजरात तकनीकी विश्वविद्यालय के फार्मेसी संकाय के अधिष्ठाता एवं विश्वविद्यालय के शासक मंडल के सदस्य हैं। प्रो पटेल अब तक 42 अंतरराष्ट्रीय एवं 170 से अधिक शोध पत्र राष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित कर चुके हैं तथा 23 से अधिक पीएचडी शोधार्थियों को फार्मेसी संबंधित विविध विषयों पर मार्गदर्शन कर चुके हैं। फार्मेसी काउंसलिंग ऑफ इंडिया के सदस्य हैं एवं विगत 12 वर्षों से ख्याति प्राप्त राष्ट्रीय स्तर के सेमिनार ‘फॉर्मविजन’ के माध्यम से विविध शैक्षणिक एवं सामाजिक विषय पर संवाद को आपने दिशा दी है। वर्ष 1996 से परिषद में प्राध्यापक कार्यकर्ता के रूप में नगर अध्यक्ष से लेकर गुजरात प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन किया है। निधि त्रिपाठी मूलतः उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से हैं। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीए और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से एमए, एमफिल तक की पढ़ाई पूर्ण की है तथा वर्तमान में जेएनयु में पीएचडी में अध्यनरत हैं। वर्ष 2013 से अभाविप में सक्रिय रूप से जुड़ी हैं। निधि त्रिपाठी ने वर्ष 2017 में जेएनयू छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष पद की उम्मीदवार के रूप में अभाविप का प्रतिनिधित्व किया है। वर्ष 2016 में जेएनयू में लगे भारत विरोधी नारों के विरुद्ध छात्र आंदोलन के अग्रणी सहभागी तथा अभाविप के मिशन साहसी अभियान को अखिल भारतीय स्वरूप पर ले जाने में आपकी महती भूमिका रही है। सुश्री त्रिपाठी ने वर्ष 2018 में भारत सरकार की खेल एवं युवा कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित श्रीलंका यात्रा में भाग लिया। राष्ट्रीयता के मुद्दों पर मुख्य प्रवक्ता एवं छात्र हित के मुद्दों पर सतत सक्रिय सुश्री त्रिपाठी पूर्व में अभाविप की राष्ट्रीय मंत्री रही है।

LEAVE A REPLY