किसान/ गांव समृद्ध होगा तो देश समृद्ध होगा

**महिला किसानों के बिना खेती नहीं हो सकती मुर्गी पालन, भैंस पालन व मछली पालन भी खेती है **किसान फसल बीमा का लाभ उठाएं ताकि संभावित फसल क्षति का मुआवजा मिल सके **बैंकर्स महिला किसानों का सम्मान करें और ऋण आवेदनों को लंबित ना रखें ********* **किसान भवन की नींव का पत्थर है।

0
577

झांसी। किसान सम्मान दिवस के अवसर पर मंच से महिला किसान का संबोधन समाज में महिलाओं की हिस्सेदारी प्रदर्शित करता है। महिलाएं खेती में कई गुना सहयोग करती है, यदि ऐसा ना करें तो की खेती संभव नहीं होगी। महिला समूह को प्रमोट करें। बलिनी समूह जनपद के अन्य विकास खंडों में भी गठित हो ताकि महिला किसान स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बन सकें। आज जनपद में सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन योजना अंतर्गत स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह पूर्व प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर किसान सम्मान दिवस -2020 आयोजित हुआ। कार्यक्रम में किसान मेला/ प्रदर्शनी एवं कृषक सम्मान भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने किसान सम्मान दिवस के अवसर पर खुले मन से महिला किसानों का सम्मान किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि महिलाओं के बिना खेती संभव नहीं है, मुर्गी पालन, भैंस पालन, मछली पालन भी खेती है। उन्होंने किसान को बेहद महत्वपूर्ण स्थान देते हुए कहा कि आप भवन की नींव का पत्थर है, जिसके द्वारा भवन खड़ा है, आपकी समृद्धि से ही देश की खुशहाली है।
मंडलायुक्त ने अपने उद्बोधन में मंच से महिला किसान श्रीमती शीलू दुबे के उद्बोधन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए एक नई चेतना है। खेती किसानी में महिला का स्तर पर सहभाग करना अच्छी खेती के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिला को खेती का ज्ञान एक विशेषज्ञ की तरह होता है, तभी वह खेत की मेड़ पर अरहर के बीज या अन्य पौधे लगाती है, जिससे आय में बढ़ोतरी हो और मेड़ सुरक्षित रहे। उन्होंने महिला समूह को भी प्रोत्साहित करने पर बल दिया और कहा कि बलिनी महिला समूह जनपद के अन्य ब्लॉक में भी गठित किए जाएं। समूह के उत्पादों को बिक्री हेतु बाजार उपलब्ध हो,साथ ही समूह के उत्पादों को अधिकारियों द्वारा क्रय किया जाए। मंडलायुक्त ने कहा कि योजनाओं की जानकारी क्षेत्र के किसानों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने किसानों से कहा कि फसल बीमा अवश्य कराएं यदि बीमा नहीं कराना चाहते हैं तो संबंधित बैंक को 1 सप्ताह पूर्व सूचना दें ताकि आप की फसल का बीमा न हो सके। किसान अपना व परिवार के सदस्यों का आधार व वोटर आईडी अवश्य बनवाएं। क्षेत्र में सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं। उन्होने मिशन शक्ति की जानकारी देते हुए कहा कि यदि आप चाहें तो बेटी दुनिया में आने से पूर्व मर नहीं सकती, आपको आवाज उठानी होगी। उन्होंने विगत दिनों शादी के 12 दिन बाद ही महिला द्वारा फांसी लगा जाने की घटना चर्चा करते हुए कहा कि आज आप सभी शपथ ले कि दहेज नहीं लेंगे। किसान सम्मान दिवस के मुख्य अतिथि विधायक गरौठा जवाहर लाल राजपूत ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह जी को याद करते हुए कहा कि आपने हमेशा किसानों के हित की बात की है उनके विकास के लिए कार्य किये है।आप एक साधारण किसान परिवार में जन्मे और देश के प्रधानमंत्री बने। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि किसान का शोषण नहीं होना चाहिए। प्रधानमंत्री जी द्वारा लगातार किसान हित में कार्य व योजनाएं बनाई जा रही है। नए कृषि कानून के तहत अब किसान कहीं भी अपनी फसल बेच सकता है और अधिक मुनाफा कमा सकता है। किसान को एमएसपी मिलता रहेगा और जो फसल का नुकसान है उसका भी मुआवजा मिलेगा।
विधायक गरौठा ने कहा कि किसान की आय तभी दुगनी होगी जब लागत कम होगी। उन्होंने खेत में रसायन उर्वरकों के इस्तेमाल को बंद करने के साथ ही जैविक खेती पर जोर दिया। जनपद के महिला समूह को प्रोत्साहित करने की बात करते हुए विधायक गरौठा ने कहा कि इनके उत्पाद को बाजार उपलब्ध कराया जाए ताकि इनकी आय बढ़ सके। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में शौचालय निर्माण, आवास निर्माण में आ रही शिकायतों को दूर करते हुए पात्र को लाभ दिलाए जाने की बात कही, उन्होंने कहा कि मंडियां समाप्त नहीं होंगी। जनपद की छोटी-छोटी मण्डियां भी अब सक्रियता से संचालित होंगी।
पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस पर आयोजित किसान सम्मान दिवस के कार्यक्रम में जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी ने पूर्व प्रधानमंत्री को स्मरण करते हुए कहा कि आपने सदा सादा जीवन उच्च विचार को अपनाते हुए किसान हित के कार्यों को लागू किया। शासन द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचा है, खेत में और जागरूकता फैलाई जाए ताकि अन्य किसान भी लाभकारी योजनाओं का लाभ ले सके। किसान गोष्ठी/ किसान संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि ऐसी गोष्ठियों से जागरूकता का प्रसार होता है। किसान यहां से जाकर क्षेत्र के अन्य लोगों को भी जानकारी दें। उन्होंने कहा कि किसानों से ही प्रेरणा मिली है कि पत्थर में कैसे फसल उगा सकते हैं और यह कार्य महिलाओं ने कर दिखाया। क्षेत्र में ऑर्गेनिक खेती की जानकारी कम है इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जाए ताकि अन्य किसान भी ऑर्गेनिक खेती से लाभ कमा सके। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के कारण ऐसी गोष्ठियों आयोजित नहीं की जा सकी परंतु धीरे-धीरे गोष्ठियों को आयोजित करते हुए लोगों को जानकारी दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने किसानों को आधुनिकीकृत खेती करने का सुझाव देते हुए कहा कि अधिकारी किसानों को आधुनिक यंत्रों की जानकारी दें और उपलब्ध कराएं। उन्होंने किसानों से कहा कि जनपद में छोटी-छोटी मंडिया हैं उन्हें कैसे संचालित किया जाए सुझाव अवश्य दें, उन्होंने बताया कि हर न्याय पंचायत में नाबार्ड के माध्यम से हाट बाजार बनाया जाएगा जहां महिला समूह के उत्पादों के साथ अन्य किसान अपने उत्पाद भी बेच सकेंगे।
किसान सम्मान दिवस में महिला किसान श्रीमती सीनू दुबे ने जैविक खेती पर जोर देते हुए कहा कि हम जैविक खेती से मृदा को स्वस्थ बनाए और लाभ बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि खेती भी चटोरी हो गई है क्योंकि रसायन उर्वरक की आदत पड़ गई है। इसके इस्तेमाल से मृदा को जहां नुकसान हो रहा है वहीं लागत बढ़ रही तथा लाभ कम होता है,इसे दूर करना होगा। इसी क्रम में किसान नत्थू सिंह तोमर, एसपीओ अमित पांडे, किसान नेता कमलेश लंबरदार ने भी अपने विचार रखे। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के जन्म दिवस पर आयोजित किसान सम्मान दिवस आए समस्त अतिथियों का सम्मान करते हुए संयुक्त कृषि निदेशक एसएस चौहान ने बताया कि किसान सम्मान दिवस पर 32 किसान जनपद स्तर पर तथा 40 किसान विकास खंड स्तर पर पुरस्कृत किए जा रहे हैं। आज सभी को प्रमाण पत्र व शॉल पहनाकर सम्मानित किया जा रहा है। सभी उसको किसानों की सम्मान धनराशि आरटीजीएस के माध्यम से खातों में हस्तांतरित कर दी गई है, उन्होंने बताया कि 4 किसान राज्य स्तर पर सम्मानित किए जा रहे हैं। इस सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत एम के एस पी परियोजना में 8 महिलाओं समूह को भी सम्मानित किया गया। किसान सम्मान दिवस के मौके पर फीता काटकर प्रदर्शनी का मुख्य अतिथि द्वारा उद्घाटन किया तथा सभी विभागीय स्टाल व समूह की स्टालों को देखा गया तथा उत्पादों की बिक्री भी की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए किया गया। कार्यक्रम में आभार जीएस कटियार उपनिदेशक ने किया। इस मौके पर भैरम सिंह, सचिव मंडी पंकज शर्मा, प्रभारी डीडी केके सिंह सहित कृषि विभाग के अधिकारी व विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY