अब ब्राह्मणों ने भरी हुंकार, समाज को फिर से मिले लोकसभा सीट

0
822

झांसी। लोकसभा चुनाव जैसे जैसे नजदीक आ रहे हैं। राजनैतिक दलों के साथ विभिन्‍न समाज भी अपनी ताकत दिखाते हुए जोर आजमाईश कर रहे हैं। विगत दिनों सेन समाज ने एक बड़ा सम्‍मेलन कर झांसी और आसपास सहित दूर दराज से समाज को एकत्र किया था। इसी क्रम में बीच बीच में अन्‍य समाजों के छोटे छोटे सम्‍मेलनों के बाद अब ब्राह्मण समाज ने भी हुंकार भरी है। नेताओं ने समाज के लोगों से एकजुट होने के साथ ही सत्‍ताधारी दल भाजपा से लोकसभा सीट पर फिर से ब्राह्मण समाज का प्रत्‍याशी उतारने की मांग की है। वहीं समाज में उत्‍कृष्‍ट कार्यों के लिए कईयों को सम्‍मानित भी किया गया।
राष्ट्रीय ब्राहम्ण उन्नयन परिषद के तत्वावधान में राष्ट्र के निर्माण में बुद्धिजीवियों की भूमिका विषय पर एक संगोष्‍ठी पूर्व डीजीपी डॉ. सूर्य कुमार शुक्ला के मुख्य आतिथ्य, जिला धर्माचार्य विष्णुदत्त स्वामी की अध्यक्षता, मोहिनी बिहारी दास सांई द्वारिका धाम एवं महंत परशुराम मंदिर बघेरा, आनन्द शास्त्री के विशिष्‍ट आतिथ्य में आयोजित की गई। गोष्‍ठी में महंत दया शंकर कौशिक ने भगवान परशुराम के विषय में चर्चा करते हुये बताया कि भगवान परशुराम सर्वश्रेष्ठ व्यक्तित्व थे, जिन्‍होंने आतंक, अत्याचार का पृथ्वी से खात्मा किया व धर्म की रक्षार्थ अपने माता-पिता की आज्ञा को ही सर्वोपरि माना। महानगर धर्माचार्य हरिओम पाठक ने कहा कि झांसी से लोकसभा चुनाव में ब्राह्मण प्रत्याशी बनाकर ब्राह्मणों की खोई हुई सीट जो राजेन्द्र अग्निहोत्री के बाद नहीं मिली है, मोदी-योगी उस सीट को पुनः ब्राह्मण समाज को दें, जिसको लेकर समाज के लोगों ने जोर शोर से समर्थन किया। महंत आनन्द शास्त्री ने कहा कि झांसी के सभी 22 ब्राह्मण संगठनों को एक मंच पर लाकर राष्‍ट्रीय ब्राह्मण उन्नयन परिषद के अंचल अड़जरिया ने निश्चित रूप से बहुत ही सराहनीय कार्य किया है। गोष्‍ठी को महंत परशुराम, अखिलेश त्रिपाठी, आर.के. सहारिया आदि ने सम्बोधित किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि हम सभी समाज के लोग तय करें कि हमें सभी व्यसनों से दूर रहना है व अपने आस-पास चल रही गलत गतिविधियों व कार्यो को रोकना है। हम अपनी कलम के माध्यम से इन गलत कार्यो को रोकने का कार्य करें, जहां पर दिक्कत आती है। वहां आप मेरा सहारा ले सकते हैं। इस दौरान मुख्य अतिथि ने सभी को दूसरे की मदद करने, व्यसन छोड़ने, अपराध के खिलाफ संघर्ष करने, साथ ही दहेज न लेने की ईश्वर को साक्षी मानकर शपथ दिलाई। उत्‍कृष्‍ट कार्यों को लेकर ब्राह्मण समाज का परशुराम सम्मान बृजेश पाठक, दधिचि सम्मान अनुराग शर्मा वैद्यनाथ और चाणक्य सम्मान अंकित अड़जरिया को संघ लोक सेवा आयोग से गृह मंत्रालय में संयुक्‍त सह निदेशक पद पर चयनित होने पर दिया गया। इस मौके पर मनोज शर्मा, अनुज त्रिपाठी, अंश त्रिपाठी, महावीर भार्गव, दीपक त्रिपाठी, विवेक गोस्वामी, मनोज मिश्रा, मनीष दूरवार, राजेन्द्र तिवारी, अभिषेक दुबे, विनोद, दिलीप, मधु पाण्डेय आदि उपस्थित रहे। संचालन अंचल अड़जरिया ने किया। अन्त में सुनील मिश्रा ने आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY