शिकायतकर्ता व जरुरतमंद से सदभावना पूर्वक की जाए बात : मण्‍डलायुक्‍त

0
498

झांसी (सूचना विभाग)। कलक्ट्रेट स्थित इंट्रीगेटिड कंट्रोल रूम एवं राहत वीडियो कांफ्रेंस रूम का आज मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने निरीक्षण किया तथा कंट्रोल रूम से संचालित विभिन्न सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आप इस समय बेहद नेक कार्य कर रहे हैं, जरूरतमंद को भोजन के साथ अन्य सेवाएं उपलब्ध कराना, एक बेहद सुखद कार्य है। आप सभी को बधाई।
इंट्रीगेटिड कंट्रोल रूम की जानकारी लेते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि शिकायतकर्ता अथवा जरूरतमंद से बेहद सदभावनापूर्वक बात करें ताकि उसे संतोष मिले कि उसकी समस्या को सुना जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि भोजन आदि के विषय में आने वाले फोन को संवेदनशील होकर अटेंड करें और यह भी सुनिश्चित करें कि एक ही स्थान से कई बार तो फोन नहीं आ रहे। उन्होंने कंट्रोल रूम में खाद्यान्न वितरण, दवाओं की आपूर्ति या मरीजों को अस्पताल पहुंचाने हेतु आने वाली कॉल के सम्बन्ध जानकारी ली। इंट्रीगेटिड कंट्रोल रूम की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी ने बताया कि गांधी सभागार में कंट्रोल रूम स्थापित करने का उद्देश्य है कि सभी सेवाएं एक ही स्थान से दी जा सके। उन्होंने बताया कि अभी तक भोजन आपूर्ति के लिए कन्ट्रोल रुम अलग था। शिकायतो संबंधित कन्ट्रोल रुम अलग जिसमें आइजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन सहित अन्य के लिए अलग तथा पुलिस कंट्रोल रूम अलग था। सभी को एक स्थान पर केंद्रित कर दिया गया, अब सारी सेवाएं देने में आसानी हो रही है तथा सेवाएं समय से पहुंच रही हैं। उन्होंने उपस्थित कर्मचारियों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। सामुदायिक रसोई से भोजन वितरण हेतु मुख्य समन्वयक डा नीति शास्त्री से भोजन आपूर्ति कैसे और कब तक जरूरतमंद तक पहुंचाई जा रही है, जानकारी ली। इस मौके पर आईजी एसएस बघेल, एसएसपी डी प्रदीप कुमार, एडीएम बी प्रसाद, एसडीएम सदर संजीव कुमार मौर्य, एडी बचत नीरज मिश्रा, ई डी एम आकाश रंजन व अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY