अमर हुए पं. विश्वनाथ शर्मा, सीपरी बाजार रेलवे ओवरब्रिज को लोकार्पण के साथ मिला उनका नाम

** उपमुख्यमंत्री ने झांसी मंडल वासियों को रू 93299.71 लाख की कुल 200 परियोजनाओं की दी सौगात ** ग्वालियर रोड क्रासिंग नंबर-117 पर रेलवे ओवरब्रिज सहित 48 करोड़ की धनराशि से झांसी मंडल में 05 लघु सेतु बनाए जाने की घोषणा ** पीडब्ल्यूडी सड़कों के किनारे 10 लाख हर्बल वृक्ष लगाएगा ** केंद्र व प्रदेश की प्राथमिकताओं में है, बुंदेलखंड का चहुंमुखी विकास ** ग्रामीण क्षेत्र की सड़के 03 मीटर के स्थान पर अब 05 मीटर चौड़ी बनायी जायेगी ** प्रदेश के अंतराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों के घर तक मेजर ध्यानचंद विजयपथ का होगा निर्माण, बलिदानी वीरों के सम्मान में उनके घर तक जय हिंद वीरपथ बनाए जाने की घोषणा ** उ0प्र0 की लगभग 05 हजार सड़कें, जो 250 की आबादी वाले गॉवों को मुख्य मार्गों से जोड़ती है, इन सभी सड़कों का निर्माण कार्य, वर्षा काल के बाद प्रारम्भ कर दिया जायेगा ** सड़कें विकास का मापदण्ड व आधार होती हैः- मा0 उप मुख्यमंत्री, श्री केशव प्रसाद मौर्य

0
891

झांसी। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा आज जनपद झांसी में मुक्ताकाशी मंच पर आयोजित कार्यक्रम मे झांसी मंडल के जनपद झांसी, जालौन व ललितपुर शिलान्यास एवं लोकार्पण कार्यक्रम में कुल 200 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया, जिसकी कुल लागत धनराशि रू 93299.71 लाख है। जिसके अन्तर्गत जनपद झांसी की 85 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण, जिसकी लागत धनराशि 8339.79 लाख रूपये एवं जनपद जालौन की 51 शिलान्यास एवं लोकार्पण की परियोजनायें, जिसकी लागत धनराशि 49219.59 लाख रूपये, जनपद ललितपुर की 56 शिलान्यास एवं लोकार्पण की परियोजनाएं जिनकी लागत धनराशि 16175.43 लाख रुपये है, सम्मिलित है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कें विकास का मापदण्ड व आधार होतीं हैं। जिन सड़कों का निर्माण कार्य कराया जाना शेष हैं, उन सभी सड़को को शीघ्रतापूर्ण व गुणवत्तापूर्ण बनाये जाने के कड़े निर्देश विभाग को दिये गये हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त, गुणवत्तायुक्त और समयबद्धता से कार्य पूर्ण करना लोक निर्माण विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय लिया गया है कि अब ग्रामीण मार्गों, जो 05 किमी0 लम्बे अथवा मार्ग पर कोई पर्यटन स्थल, कोई धार्मिक स्थल या कोई सार्वजनिक स्थल अथवा कहीं आबादी अधिक है, तो ऐसे मार्गों का चौड़ीकरण करने का कार्य किया जायेगा और 03 मी0 की जगह अब 05 मी0 चैड़ी सड़कें बनाये जाने का कार्य किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में ग्रामीण क्षेत्र की 05 किमी0 लम्बी या 05 किमी0 से अधिक लम्बी सड़कें हैं या जो प्राथमिकता की सड़कें हैं, सर्वप्रथम उन्हें पूर्ण किया जायेगा तथा भविष्य के लिये रोडमैप तैयार किया गया है कि ग्रामीण क्षेत्र की सड़कें अब 05 मी0 चैड़ी ही बनायी जायेंगी।

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि विभागीय बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि उ0प्र0 की लगभग 5000 ऐसी सड़कें हैं, जो 250 की आबादी वाले गांव या उससे अधिक आबादी वाले गॉवों को मुख्य मार्गों से जोड़ती है, इन सभी सड़कों का निर्माण कार्य, जिनकी लागत लगभग ढ़ाई हजार करोड़ रूपये है, उनकी टेण्डर आदि की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कर निर्माण कार्य वर्षा काल के बाद प्रारम्भ कर दिया जायेगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूर्व में ही निर्णय लिया गया है कि अलग-अलग क्षेत्रों के जिन प्रतिभाशाली बच्चों का स्थान टॉप-20 में आता है, उनके घर तक की सड़क ‘‘डा0 एपीजे अब्दुल कलाम गौरवपथ’’ के नाम से बनाने का कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि कोई खिलाड़ी जो देश के लिये पदक जीतकर लाता है। राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय पदक प्रदेश के लिये जीतकर लाये हैं, उस विजेता के घर तक सड़क ‘‘मेजर ध्यानचन्द विजयपथ’’ के नाम से बनाने का कार्य शुरू हुआ है। इसी प्रकार से देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए उ0प्र0 के जो भी वीर सैनिक शहीद होते है, उनके सम्मान में उनके घर तक सड़क ‘‘जय हिन्द वीरपथ’’ के नाम से बनाने का कार्य कर रहें हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अलग-अलग क्षेत्रों में विकास के कीर्तिमान स्थापित किये गये हैं और केन्द्र व प्रदेश सरकार द्वारा किसान कल्याण, गरीब कल्याण एवं मजदूर कल्याण की अनेक योजनाओं का संचालन हो रहा है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में लोगों के बीच जाकर सेवा कार्य करने का कार्य करने वाले लोगों का अभिनन्दन किया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के विपरीत परिस्थितियों में भी प्रदेश सरकार ने विकास के कार्यों को रूकने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कोविड-19 के दौरान जीवन और जीविका को भी बचाएं जाने की सोच पर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की दूसरी लहर में जो हमारे बीच नहीं रहे, उन सबको विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवारजनों को अपनी संवेदना प्रकट की। उन्होंने सभी से अपील करते हुये कहा कि कोरोना के प्रति सजग व सावधान रहें और कोविड-प्रोटोकॉल का पालन करें। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करेंगे तो निश्चित तौर पर महामारी से अपने सभी जिलों व देश को बचाने में कामयाब होंगे। मुक्ताकाशी मंच पर आयोजित झांसी मंडल के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग तथा सेतु निगम के कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में सांसद झांसी-ललितपुर अनुराग शर्मा ने उपमुख्यमंत्री को मंडल में दी जाने वाली सौगातो के प्रति धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री के पास लोक निर्माण विभाग है, जब भी कोई मांग करें तो तत्काल आशीर्वाद प्राप्त हो जाता है और आज भी आशीर्वाद मांगा है, वह अवश्य देकर जाएंगे। सांसद जालौन भानु प्रताप सिंह वर्मा ने कहां की उत्तर प्रदेश में सरकार बनते ही विकास कार्य बड़ी तेज गति से हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमारे क्षेत्र में जहां सड़कें नहीं थी, आज वहां सड़कों का जाल बिछा है। लोकसभा क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हो रहा है इसके लिए हम उपमुख्यमंत्री महोदय के आभारी हैं।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या जी के जनपद आगमन पर झांसी मंडल के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग द्वारा तथा सेतु निगम के कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक सदर रवि शर्मा ने कहा कि संपूर्ण प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में भी सड़कों का बड़ी तेजी से निर्माण हो रहा है, गड्ढा मुक्त सड़कों तथा सड़कों का सुदृढ़ीकरण हुआ है। झांसी मंडल में ढेरों धनराशि की योजनाओं की सौगात देने के लिए उपमुख्यमंत्री का धन्यवाद। लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम के पश्चात उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने सीपरी बाजार रेलवे पुल का विधिवत लोकार्पण किया। इस मौके पर विधि विधान से पूजा अर्चना करते हुए फीता काटकर पुल को झांसी जनता को सुपुर्द किया। इस दौरान उन्होने पुल का नामकरण करते हुए कहा कि इस पुल को अब पंडित विश्वनाथ शर्मा सेतु के नाम से जाना जाएगा। लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं द्वारा मां सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों द्वारा उपमुख्यमंत्री सहित समस्त गणमान्य जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया गया। मुक्ताकाशी मंच पर आयोजित लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में राज्यमंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी श्रम एवं सेवायोजन उत्तर प्रदेश, विधायक ललितपुर रामरतन कुशवाहा, मेयर रामतीर्थ सिंघल, विधायक झांसी सदर रवि शर्मा, विधायक बबीना राजीव सिंह पारीछा, विधायक मऊरानीपुर बिहारीलाल आर्य, विधायक गरौठा जवाहर लाल राजपूत, विधायक उरई गौरी शंकर वर्मा, विधायक माधौगढ़ मूलचंद सिंह, विधायक कालपी कुंवर नरेंद्र पाल सिंह, तीनों जिले के जिलाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारीयों सहित जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिवहरी मीणा, मुख्य विकास अधिकारी शैलेष कुमार, अपर जिलाधिकारी संजय कुमार पांडेय, नगर मजिस्ट्रेट सलिल पटेल सहित मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY