खाद्य सामग्री के अति आवश्‍यक उद्योगों पर नहीं है प्रतिबंध : उप मुख्‍यमंत्री

0
763

झांसी। प्रदेश के व्यापारी नेताओं से लॉक डाउन के दौरान व्‍यापारियों को आ रही समस्‍याओं को लेकर उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश कुमार शर्मा ने व्यापारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश के व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर उनकी समस्याओं के कारण पर चर्चा की। इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में 25 जनपद के व्यापारी नेताओं ने अपनी सहभागिता कर विभिन्‍न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए उनकी समस्‍याओं को सुना और उनके समाधान का आश्‍वासन भी दिया।
व्‍यापारियों ने संपूर्ण प्रदेश में लॉक डाउन पर खाद्यान्न की आपूर्ति के ट्रांसपोर्टेशन पर आ रही दिक्कतों पर उप मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित कराया और कहा कि अगर यही स्थिति रही तो आपूर्ति की चेन टूट जाएगी और खाद्यान्न के सामान की आपूर्ति होना संभव नहीं हो पाएगी। इस पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संपूर्ण प्रदेश में खाद्यान्न की आपूर्ति के लिए किसी भी तरह की रोक टोक नहीं है। खाने पीने के सामान ले जाने वाले वाहनों को नहीं रोका जा रहा है। किसी जनपद में अगर कोई विशेष दिक्कत आ रही हो तो संबंधित जिले के जिलाधिकारी को वह निर्देशित कर देंगे। व्यापारियों ने उप मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि आवश्यक सामान की सप्लाई हेतु वह व्यापारियों को पास निर्गत कराने की व्यवस्था करें जिससे कि सामान की चेन बनी रहे। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल डिस्टेंस का ध्यान रखना है। आप में से अति आवश्यक लोगों के ही पास निर्गत किए जाएंगे, जो जनपद के जिलाधिकारी करेंगे। व्यापारियों ने यह भी अनुरोध किया कि खाद्यान्न सामान की संबंधित फैक्ट्री को भी निर्माण हेतु आदेशित किया जाए जिससे कि खाद्यान्न की आपूर्ति ठीक तरीके से हो सके। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि खाद्यान्न सामान के उद्योग जो अति आवश्यक है। उन पर किसी तरह का प्रतिबंध नहीं लगा है वह अपने खाद्यान्न का उत्पादन कर सकते हैं। व्यापारियों ने अनुरोध किया कि कोरोनावायरस के संक्रमण के दौरान 21 दिन की लॉक डाउन में व्यापारियों के कारोबार बंद हैं, ऐसे में जो व्यापारियों ने बैंक और सरकार से ऋण लिए हैं। उनकी ब्याज माफी भी की जाए। उप मुख्‍यमंत्री ने कहा कि इस संदर्भ में व्यापारियों की बात भारत सरकार तक पहुंचा देंगे, जिसका निर्णय केंद्र सरकार द्वारा ही होगा। ज्वेलरी एसोसिएशन के व्यापारियों ने उप मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि दुकान बंदी के समय उनके सोने चांदी के बने आभूषण करोड़ों की कीमत के जो उनकी दुकान या शोरूम में रखे हुए हैं। उसके लिए सुरक्षा व्यवस्था हेतु प्राइवेट गार्ड को काम करने की छूट दी जाए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राइवेट सुरक्षा गार्ड पर कहीं कोई प्रतिबंध नहीं है। सुरक्षाकर्मी अपना संबंधित एजेंसी का आई कार्ड साथ में लेकर चले। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रमुख रूप से उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय पटवारी, आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता, पश्चिमी उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष तिलक राज अरोड़ा, कैट के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गोयल, ज्वेलरी एसोसिएशन के संयोजक पंकज अरोरा, बनारस इलाहाबाद एसोसिएशन के अशोक वर्मा शहर आदि लोगों ने वार्ता की।

LEAVE A REPLY