देश व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों को अवश्य मिले : मण्‍डलायुक्‍त

मंडलायुक्त ने ध्वजारोहण किया, राष्ट्रगायन कर सलामी दी ** बुजुर्गों का सम्मान करें, ध्यान रखें और उनके अनुभव का आदर करें ** ** मंडलायुक्त ने कमिश्नरी परिसर में वृक्षारोपण भी किया

0
487

झांसी। 74 वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने कमिश्नरी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सलामी देते हुए राष्ट्रगान किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर में वृक्षारोपण कर स्वच्छ पर्यावरण के लिए संदेश भी दिया।
इस दौरान कमिश्नरी सभागार में आयोजित संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए मंडलायुक्त ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन राष्ट्र के लिए पुण्य दिवस है, जो बहुत लम्बे संघर्ष के बाद विदेशी शक्तियों से आजादी हासिल की थी। इस आंदोलन में सम्मिलित हर किसी का एक ही जुनून था कि विदेशी हमारे देश से चले जाएं। विदेशी शक्तियों ने कई शताब्दियों तक चुन चुन कर कलाओं को भी नष्ट किया, उतार चढ़ाव के कई दौर आये, लेकिन हमारी संस्कृति की मौलिक पहचान बनी रही। उन्होंने कहा कि स्वार्थपरक परिस्थितियों ने जब जब सिर उठाया है, तब कोई मसीहा जरूर आता है। विभिन्न प्रान्तों में उस समय के समाज सुधारको ने मानव अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए अलख जगाने का कार्य किया। गांधीजी के फकीरी भेष को देखकर हम सभी का सिर ऊंचा होता है, उनके गांधीवादी आंदोलन में एक एक कर हजारों लोग सम्मिलित होते गये। स्वतंत्रता आंदोलन में कुछ लोगों ने शांतिपूर्ण तरीके से भाग लिया तो कुछ क्रांतिकारियों ने सीधे सीधे ऊंची आवाज बुलंद करते हुए अंग्रेजों से लोहा लिया। राजगुरु, सुखदेव, भगत सिंह, चन्द्रशेखर आजाद, अशफ़ाक़ उल्ला, खुदीराम बोस, वीर सावरकर जैसे क्रांतिकारियों ने तो धमक के साथ आंदोलन किया। शहीद भगत सिंह ने तो दिल्ली की असेम्बली में ही बम फोड़कर दिखा दिया कि यह आवाज पूरे विश्व में जानी चाहिए। उन्होने कहा कि भारतीय संविधान सबसे ऊपर है। संविधान की प्रस्तावना में हम जो संकल्प लेते हैं, उसके अनुसार हम उन मूल्यों को पुनः स्थापित करते हुए अधिकारों के साथ ही अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक बनें। मंडलायुक्त ने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान करें, उनके स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखते हुए उनके अनुभव का आदर करें और लाभ उठायें। उन्होंने केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर जरूरतमन्द व्यक्ति को अवश्य मिलना चाहिए, जिससे सरकार के उद्देश्य की पूर्ति हो सकेगी। जब कोई फरियादी आता है तो उसकी परेशानी को ध्यानपूर्वक सुनकर निस्तारण करें, क्योंकि वह बड़ी उम्मीद के साथ आता है। भारत देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए चाइनीज सामान का प्रयोग करना बंद कर दें, और स्वदेशी निर्मित सामानों का प्रयोग करें। सजग रहकर जागरूक बनें। निस्वार्थ भाव से कार्य करते हुए अच्छे इंसान बनकर कार्य करेंगे तो निश्चित रूप से आत्मिक शांति जरूर मिलेगी। मंडलायुक्त ने कमिश्नरी परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति संदेश देते हुए कहा कि पेड़ तो लगाएं पर उन्हें काटे नहीं। अधिक वृक्षारोपण से स्वच्छ पर्यावरण मिलेगा और उसका असर हमारे जीवन में लाभकारी सिद्ध होगा। इस अवसर पर अपर आयुक्त प्रशासन आरपी मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के मंडलीय अधिकारी, अधिवक्तागण और कमिश्नरी परिवार के सभी अधिकारी, कर्मचारी भी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY