पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में हुआ खूनी संघर्ष

0 दोनों पक्षों से पांच महिलाओं समेत दस घायल 0 पुलिस के आला अधिकारियों ने पहुंच कर सम्भाली स्थिति

0
776

राठ। ग्राम ददरी में दो पक्षों में पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें लाठी डंडे और कुल्हाड़ियों के वारों से पांच महिलाओं समेत 10 लोग घायल हो गये। इस दौरान अवैध असलहों से हवाई फायरिंग की गई, जिससे दोनों पक्षों से एक महिला व एक पुरुष गोली लगने से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस बल के आलाधिकारियों ने मामले की जांच करते हुए घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया, वहां से दो महिलाओं और एक युवक की नाजुक हालत देखते हुए झांसी रिफर कर दिया।


मामला जनपद हमीरपुर के राठ थाने के अंतर्गत आने वाले ग्राम ददरी का है, सरकारी अस्पताल में अपना अपना इलाज कराते यह महिलाएं और पुरुष यहां हुए खूनी संघर्ष की कहानी को खुद ही बयान कर रहे हैं। दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे और कुल्हाड़ी चलने के बाद अवैध असलहों से फायरिंग भी की गई। वारदात के बाद गांव में हड़कंप मचा गया और लोग दहषत में आ गए, जो घायल हुए उनका इलाज चल रहा है। जानकारी अनुसार पृथ्वीराज और विनोद के बीच प्रधानी चुनाव को लेकर विवाद चल रहा था। इस कारण आज दोनों पक्षों में विवाद हो गया और विवाद इतना बड़ा कि दोनों पक्षों में गाली गलौच और मारपीट से लेकर खूनी संघर्ष तक हो गया। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह पूरी वारदात दो हिस्ट्रीशीटरों की शह पर अंजाम दी गयी है, जिनपर चंद रोज पहले ही गैंगेस्टर एक्ट के तहत जिलाधिकारी ने बड़ी कार्यवाही की थी। इस विवाद के दौरान दोनों हिस्ट्रीशीटर भाई खुलेआम घूमते रहे और घटना को अंजाम देकर फिर फरार हो गए। खूनी संघर्ष की खबर पूरे जिले में आग की तरह फैल गई और खबर मिलते ही बांदा मंडल से डीआईजी एके राय जनपद हमीरपुर से अपर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह व आसपास के थानों की पुलिस फोर्स पहुंच गई और घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी लेते हुए दोनों पक्षों से बात की। डीआईजी एके राय का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष से कोई लिखित तहरीर नहीं आई है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। तहरीर मिलते ही जो भी इसमें दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होगी।

राठ से संवाददाता मोहम्मद मुख्तार

LEAVE A REPLY